नूंह | हरियाणा के नूंह जिले में 1 ही परिवार के 3 भाइयों का भारतीय सेना में चयन हुआ है. इनमें से 2 भाई अग्निवीर योजना के तहत भर्ती हुए हैं. 8 महीने की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अफरोज और मोहम्मद अफसार शुक्रवार को अपने गांव लौटे, जहां गांववासियों ने फूल मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया.
तीसरे भाई अंसार अहमद पहले ही वर्ष 2019 में सेना में भर्ती हो चुके हैं और वर्तमान में वेस्ट बंगाल में नायक सूबेदार के पद पर तैनात हैं. जानकारी के अनुसार, अफरोज और अंसार सगे भाई हैं, जबकि अफसार उनके चाचा का बेटा है.
पोस्टिंग से लौटे युवाओं का गांव में हुआ स्वागत
अफराज की ट्रेनिंग पटना स्थित बिहार रेजीमेंट में हुई, जबकि अफसार की ट्रेनिंग हैदराबाद में आर्टिलरी रेजिमेंट सेंटर में पूरी हुई. अब दोनों को पोस्टिंग भी मिल चुकी है. अफराज की पोस्टिंग कोलकाता में और अफसार की पोस्टिंग बठिंडा में हुई है. गांव में एक ही परिवार के 3 युवाओं के सेना में शामिल होने पर चारों ओर उत्सव जैसा माहौल है. अफराज ने बताया कि उसका बड़ा भाई और चाचा का बेटा पहले ही आर्मी में भर्ती हो चुके थे, जिससे उसे भी प्रेरणा मिली और उसने भी सेना में जाने का मन बना लिया.
अग्निवीर से शुरू हुआ सफर
अफराज ने बताया कि उसने 2021 में दौड़ की तैयारी शुरू की थी. उसी वर्ष पहली अग्निपथ भर्ती हुई, जिसमें गांव के 6 युवकों ने भाग लिया था, जिनमें उसका चचेरा भाई अफसार भी शामिल था. उस भर्ती में वह केवल फिजिकल टेस्ट में पास हो पाया, लेकिन लिखित परीक्षा में असफल रहा. इसके बाद, 2023 में उसने दोबारा से मेहनत शुरू की. अब अफराज और अफसार दोनों का सपना है कि वे पैरा कमांडो बनें और इसके लिए वह दिल से मेहनत करने के लिए तैयार हैं.
