नूंह | ईद के शुभ अवसर पर केंद्र सरकार (Central Govt) ने हरियाणा के मेवात क्षेत्र को बड़ी खुशखबरी सुनाई है. बता दें कि नूंह से राजस्थान के अलवर नौगांव बार्डर तक नेशनल हाईवे (NH- 248A) को फोरलेन बनाया जाएगा. इसके लिए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने 400 करोड़ रूपए की बजट राशि को मंजूरी प्रदान की है. केंद्र सरकार की इस सौगात से मेवात के लोगों की ईद की खुशी में चार गुना का इजाफा हो गया है. इस खबर के सामने आने पर पूरे मेवात में खुशी की लहर छाई हुई है.
केंद्र सरकार का आभार
मेवात (नूंह) क्षेत्र को लोगों ने इस प्रोजेक्ट को ईद की सौगात मानते हुए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है. वन विभाग की एनओसी के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. केंद्र सरकार से बजट राशि मंजूर होने के बाद लोगों ने पिछले लंबे समय से इसके लिए संघर्षरत प्रख्यात स्वयंसेवक राजू को बधाईयां दी है.
शिक्षाविद मास्टर अब्दुल वहाब ने बताया कि इस सड़क को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर साल 2018 से आवाज उठाई जा रही थी. जगह- जगह धरना- प्रदर्शन किए गए थे. मेवात आरटीआई मंच एवं मौजी फाउंडेशन ने भूख- हड़ताल, ज्ञापन- पत्र, हस्ताक्षर अभियान, स्लोगन पेंटिंग आदि के जरिए विरोधी प्रदर्शन करते हुए नूंह में 47 किलोमीटर लंबी इस सड़क को फोरलेन बनाने की मांग की है. अब जाकर लोगों का संघर्ष कामयाब हो रहा है.
खूनी रोड के नाम से है प्रसिद्ध
नूंह जिले से अलवर बार्डर तक 47 किलोमीटर लंबी इस सिंगल सड़क पर आए दिन कोई- न- कोई हादसा होता रहता है. इलाके में इस सड़क को खूनी रोड के नाम से जाना जाता है. इस सड़क को फोरलेन बनाने को लेकर लोगों ने 100 फीट लंबे कपड़े पर 20 हजार लोगों के हस्ताक्षर करवाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास भेजा था. वहीं, स्थानीय विधायक आफताब अहमद भी अपने स्तर पर इस सड़क को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर प्रयास कर रहे थे.
