नूंह | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा नूंह दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रजापति समाज के लोगों से मुलाकात की और 13 जुलाई को भिवानी में आयोजित हुए राज्यस्तरीय महाराज गुरु दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में शिरकत करने पर सभी का धन्यवाद किया. रणबीर गंगवा ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं.
दिल्ली- अलवर सड़क मार्ग बनेगा फोरलेन
पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मेवातियों की दशकों पुरानी मांग नूंह से अलवर सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी ताकि सड़क हादसों को रोकने में सफलता मिल सके. उन्होंने बताया कि राजस्थान बार्डर तक जाने वाले NH- 248A की चौड़ाई बढ़ाने यानि फोरलेन निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 480 करोड़ रुपए का टेंडर जारी कर दिया है.
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि यह टेंडर 47 किलोमीटर लंबी टू- लेन सड़क को फोरलेन बनाने के लिए जारी किया गया है, जो कि नूंह से फिरोजपुर झिरका होते हुए राजस्थान बार्डर पर अलवर सीमा तक जाता है. उन्होंने बताया कि इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए टेंडर जारी किया गया है. जैसे ही कोई एजेंसी इस टेंडर को लेगी, उसके बाद काम शुरू कर दिया जाएगा.
क्वालिटी से कोई समझौता नहीं
उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग के चौड़ीकरण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. निर्माण कार्य के दौरान उच्च क्वालिटी की निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि लोगों को लंबे समय तक इस सुविधा का लाभ मिलता रहे. इस सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण से ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और साथ ही सड़क हादसों पर अंकुश लगेगा.
