खुशखबरी: 440 करोड़ रुपए से नूंह- अलवर हाइवे बनेगा फोरलेन, 50 गांवों की आबादी को मिलेगी राहत

नूंह | हरियाणा के अति पिछड़े इलाकों में शुमार नूंह के लिए लंबे समय बाद एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नूंह- अलवर नेशनल हाईवे को फोरलेन बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी है. सितंबर महीने से इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. इसको लेकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन विभाग ने टेंडर लगा दिया है. निर्माण करने वाली कंपनी का चयन होने के बाद काम शुरू हो जाएगा.

Sadak Road

440 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत

नूंह- अलवर नेशनल हाईवे को फोरलेन बनाने का निर्माण कार्य 2 चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में हाईवे को चार लेन बनाया जाएगा. उसके बाद, नूंह से मालब और गांव भादस में प्रस्तावित बाईपास का निर्माण किया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक, इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने 440 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर कर दी है.

इनमें से 310 करोड़ की लागत से हाईवे को फोरलेन बनाने पर खर्च किया जायेगा,  जबकि बाकी 130 करोड़ रुपये बाईपास के निर्माण कार्य पर खर्च किया जाएगा. लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पहले चरण के निर्माण कार्य के लिए टेंडर लगाया गया है. दूसरे चरण के निर्माण कार्य के लिए बाद में टेंडर लगाया जाएगा. बता दें कि वर्तमान में नूंह-अलवर हाईवे टू-लेन का है और लंबे समय से इसे फोरलेन बनाने की मांग चल रही थी, जो अब जाकर पूरी हो रही है.

480 करोड़ रुपये की मंजूरी

इसी साल केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए 480.44 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी. हाईवे के साथ दो बाईपास बनाए जाने प्रस्तावित हैं. डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के मुताबिक एक बाईपास गांव मालब और दूसरा बाईपास गांव भादस के पास बनाया जाएगा. दोनों की लंबाई करीब 4- 4 किलोमीटर होगी. नूंह से अलवर सीमा तक करीब 48 किलोमीटर तक दोनों तरफ करीब 50 गांव लगते हैं. ऐसे में इस सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण से इन गांवों के लोगों का सफर आसान व सुरक्षित हो सकेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.