नूंह | हरियाणा के नूंह जिले के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. यहां लंबे समय से अटकी पलवल- नूंह फोरलेन सड़क परियोजना की एक बड़ी अड़चन दूर कर ली गई है. इस सड़क निर्माण में अड़चन पैदा कर रहे पेड़ों की कटाई के बदले बड़े स्तर पर पौधारोपण की तैयारी शुरू कर दी गई है. प्रदेश सरकार ने जमीन खरीदने के लिए बजट राशि को मंजूरी प्रदान कर दी है जिससे इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण की तस्वीर साफ हो गई है.

सालों से लंबित पड़ी योजना
इस परियोजना में सबसे बड़ी रूकावट पौधारोपण के लिए जमीन उपलब्ध होना नहीं थी लेकिन अब इस अड़चन को दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है. वन विभाग ने नूंह जिले में करीब 66 एकड़ जमीन चिह्नित की हैं जहां बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा. इस जमीन को खरीदने के लिए प्रदेश सरकार ने 25 करोड़ रुपए की बजट राशि को मंजूरी दी है.
जमीन उपलब्ध होते ही पौधारोपण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा जिससे सड़क निर्माण के रास्ते में आ रही प्रशासनिक अड़चनें दूर हो जाएगी. सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि यह फैसला इस प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने में निर्णायक भूमिका अदा करेगा और सालों से लंबित काम धरातल पर अमलीजामा पहनाया जा सकेगा.
137 करोड़ होंगे खर्च
पलवल से नूंह सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग सालों से चली आ रही है. इस सड़क मार्ग पर लगातार वाहनों के बढ़ते दबाव से आए दिन हादसे हो रहे हैं. इस सड़क मार्ग को लोग खूनी सड़क की संज्ञा दे चुके हैं लेकिन अब पौधारोपण के लिए जमीन उपलब्ध होने से बड़ी अड़चन दूर हो गई है और लोगों को बहुत जल्द फोरलेन सड़क मार्ग का तोहफा मिलेगा.
इस सड़क मार्ग के फोरलेन बनने से नूंह, धारूहेड़ा, भिवाड़ी और पृथला जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र एक-दूसरे के करीब आ जाएंगे. इससे माल ढुलाई में समय और लागत दोनों की बचत होगी. वर्तमान में वाहनों को KMP एक्सप्रेसवे के जरिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है जिससे टोल टैक्स और ईंधन दोनों ही खर्च बढ़ रहा है लेकिन अब फोरलेन सड़क निर्माण से उद्योगों को सीधा फायदा पहुंचेगा.