नूंह | जलभराव से टापू का आकार ले चुके नूंह जिले (Nuh District) के गांव जेवंत के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने जल निकासी के लिए गांव को पौने 4 करोड़ रूपए की धनराशि को मंजूरी प्रदान की है. बता दें कि ग्रामीण लंबे समय से जलभराव को लेकर परेशानी झेल रहे थे और कोई समाधान नहीं हो रहा था, लेकिन सिंचाई मंत्री ने संज्ञान में आते ही इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए फंड जारी कर दिया है.
लंबे समय से झेल रहे थे परेशानी
मानसून सीजन में जेवंत गांव में जलभराव से टापू जैसे हालात पैदा हो जाते हैं. सड़कों से लेकर खेत जलमग्न हो जाते हैं. लोगों को आवागमन के लिए ट्यूब का सहारा लेना पड़ता है. गांव का बाहरी हिस्सों से संपर्क टूट जाता है. बच्चों को जलभराव से होकर स्कूल जाना पड़ता है. पशुओं को चारा मिलना बंद हो जाता था. फसलों की बिजाई में देरी हो जाती थी.
पुनहाना से बीजेपी उम्मीदवार रहें एजाज खान ने गांव की इस समस्या को लेकर सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी से मुलाकात की. श्रुति चौधरी ने तुरंत प्रभाव से इस मामले पर संज्ञान लेते हुए गांव से पानी की निकासी के लिए 3.75 करोड़ रूपए की धनराशि को मंजूरी दी है.
ऐसे होगा समाधान
अधिकारियों ने बताया कि गांव में बड़े- बड़े पाइप लगाकर इन्हें नहर से जोड़ा जाएगा. पानी को इन पाइपों के जरिए नहर में डाला जाएगा. इससे जलभराव की समस्या से पूरी तरह से निजात मिलेगी. उन्होंने बताया कि धनराशि मिलते ही पानी निकासी पर काम शुरू कर दिया जाएगा. वहीं, इस खबर के सामने आने पर पूरे गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है. लोगों को लंबे समय बाद जलभराव की समस्या से छुटकारा मिलेगा.
