नूंह की नवनिर्वाचित महिला सरपंच पहुंची जेल, लगे ये गंभीर आरोप

नूंह | हाल ही में नूंह में जीती एक महिला सरपंच को खुशी मनाना उस वक्त फीका पड़ गया जब उसे जेल भेज दिया गया. दरअसल, महिला सरपंच पर आरोप है कि उसने चुनाव के दौरान बूथ कैप्चरिंग की थी, जिस कारण वह जीती है. मामले में जांच के बाद पुलिस ने आरोपित महिला सरपंच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 2 नवंबर को हुए पंचायत चुनाव में बूथ कैप्चरिंग में शामिल होने के आरोप में नवनिर्वाचित महिला सरपंच को नूंह में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. आरोपी सरपंच की पहचान रशीदा के रूप में हुई है. आरोपी महिला सरपंच को शहर की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

arrest

क्या है पूरा माजरा

पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर को मतदान के दौरान भीड़ ने मनौता गांव में मतदान केंद्र संख्या 77 और 78 पर कथित तौर पर हमला कर दिया. इस घटना के संबंध में एक शिकायत दर्ज की गई थी और पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था. पुलिस ने कहा कि चुनाव परिणाम 4 नवंबर को घोषित किए गए और रशीदा जीत गईं. हालाँकि, जब वह और उनके समर्थक जीत का जश्न मना रहे थे, तो कुछ कथित वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए थे. जिसमें बूथ पर कब्जा करने में उनकी कथित संलिप्तता सामने आई.

नूंह के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि इस मामले में हमने प्राथमिकी दर्ज कर जांच की और नवनिर्वाचित सरपंच रशीदा को बूथ कैप्चरिंग में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया गया. हम घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.