नूंह | दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा नूंह जिले में बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी प्राइवेट कंपनियों को सौंपने की तैयारी की जा रही है. यहाँ के 74 गांवों में बिजली से संबंधित सभी कार्य अब प्राइवेट कंपनी के हाथों में होंगे. अनुमान है कि अप्रैल के पहले सप्ताह तक कंपनी का चयन कर निगम द्वारा कॉन्ट्रैक्ट किया जा सकता है. बता दें कि यह कदम निगम को हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए उठाया गया है. इसके तहत, प्राइवेट कंपनी बिजली में खराबी ठीक करने से लेकर उपभोक्ताओं से बिल वसूली तक की सभी जिम्मेदारियां निभाएगी.
निगम को हो रहा था नुकसान
मिली जानकारी के अनुसार, काफी समय से बिजली उपभोक्ताओं द्वारा बिल न भरने और बिजली चोरी करने के कारण निगम को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था. जिले में 15 बिजली फीडर 65- 81% तक के घाटे में चल रहे हैं. इन 15 फीडरों में कुल 74 गांव शामिल हैं, जिनकी पहचान बिजली विभाग द्वारा कर ली गई है. यही कारण है कि इस घाटे से उबरने के लिए अब बिजली विभाग ने इन फीडरों की जिम्मेदारी प्राइवेट कंपनियों को सौंपने की योजना बनाई है. यह प्राइवेट कंपनी बिजली आपूर्ति, मरम्मत, नए कनेक्शन जारी करने, बिल भुगतान की ऑनलाइन व्यवस्था और मीटर रीडिंग जैसे सभी कार्यों को खुद संभालेगी.
24 घंटे खुलेंगे शिकायत केंद्र
उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्राइवेट कंपनी को 24 घंटे शिकायत केंद्र खोलना होगा. इसके अलावा, बिजली की समस्याओं को ठीक करने के लिए टीम का गठन करना पड़ेगा. कंपनी द्वारा कर्मचारियों की भी नियुक्ति की जाएगी, जिनमें सेफ्टी इंजीनियर, ITI पास लाइनमैन और डिप्लोमा होल्डर सुपरवाइजर शामिल होंगे. हालांकि, बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए बिजली निगम द्वारा प्राइवेट कंपनी को उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे. यदि उपकरणों का उपयोग नहीं होगा, तो उन्हें निगम को वापस करना होगा.
