हरियाणा में जगमग होगी गांव की रातें, हजारो गांवों में लगेगी स्ट्रीट लाइटें

नूंह | हरियाणा सरकार में पंचायत एवं विकास मंत्री देवेन्द्र बबली आज नूंह जिले में आयोजित पंचायती राज सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे. इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में सफाई- व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा. इसके अलावा प्रत्येक गांव में ई- लाइब्रेरी, युवाओं के लिए जिम, प्रमुख रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे और मैरिज पैलेस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी ताकि शहरों की तर्ज पर गांवों का विकास हो सके. पंचायत मंत्री ने स्पष्ट किया कि मार्च 2023 तक अधिकतर गांवों में इसे अमलीजामा पहना दिया जाएगा.

gaon light

पंचायत मंत्री ने कहा कि प्रदेश भर में करीब 18 हजार तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और इस सीजन से पहले उनकी सफाई कर दी जाएगी. इसके अलावा हमारी सरकार आने वाले दो महीनों के अंदर 1 हजार गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगवाएंगी ताकि रात के समय गांव जगमग हो सकें और अंधेरे की वजह से होने वाली अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिल सके. सभी गांवों की फिरनियों को पक्का किया जाएगा.

देवेन्द्र बबली ने कहा कि प्रदेश भर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं और नए चुनकर आए जनप्रतिनिधि पढ़ें- लिखे व युवा है. ऐसे में गांवों के विकास कार्यों में क्वालिटी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश भर में हो रहे विकास कार्यों का रिव्यू किया जाएगा और हर सप्ताह अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी जाएगी.

पंचायत मंत्री ने नवनिर्वाचित चुनकर आए जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि पूरी ईमानदारी के साथ अपने पद का सदुपयोग करें और गांवों के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ें. उन्होंने कहा कि गांव के विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी लेकिन गांव के सरपंच भी पूरी जिम्मेदारी के साथ पारदर्शिता बरतते हुए काम करें. गांव के विकास कार्यों को ई- टेंडर के माध्यम से करवाया जाएगा और किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.