नूंह | सावन में लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकले हुए हैं. इसी बीच हरियाणा के नूंह जिले के एक कांवड़िए की अनोखी यात्रा चर्चा में है. नूंह के ब्लॉक समिति सदस्य हरपाल सिंह नीलकंठ से कांवड़ लेकर चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास की ओर पैदल जा रहे हैं. हरपाल सिंह के कंधे पर रखी कांवड़ में गंगाजल की शीशी के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रतिमा भी लगी हुई है. रास्ते में लोग उनकी कांवड़ को देखकर रुक रहे हैं और इस अनोखी यात्रा के बारे में जानकारी ले रहे हैं.

हरपाल सिंह का कहना है कि उनका लक्ष्य 11 अगस्त को शिवरात्रि के दिन चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचना है. वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथों शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करवाना चाहते हैं.
जौरासी गांव के रहने वाले हैं हरपाल
हरपाल सिंह मूल रूप से नूंह जिले के तावडू क्षेत्र के जौरासी गांव के निवासी हैं. बचपन में ही उनके माता-पिता का निधन हो गया था. वर्तमान में उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है. उन्होंने 10वीं तक पढ़ाई की है. हरपाल सिंह ने झज्जर गुरुकुल से 10वीं तक शिक्षा हासिल की. उनका बेटा भी गुरुकुल में पढ़ रहा है और फिलहाल रोहतक गुरुकुल में 11वीं कक्षा का छात्र है.
चुनाव में मिले थे 1400 वोट
हरपाल सिंह वर्तमान में ब्लॉक समिति सदस्य हैं. उन्होंने बताया कि चुनाव में उन्हें गांव से एकतरफा समर्थन मिला था. गांव में करीब 2700 वोट पड़े थे. इनमें से हरपाल सिंह को अकेले 1400 वोट मिले, जबकि बाकी चार उम्मीदवारों को मिलाकर 1300 वोट मिले थे. बचपन में उन्हें माता- पिता का स्नेह नहीं मिल पाया इसलिए जो व्यक्ति समाज के लिए अच्छा काम करता है, वह उनके लिए भगवान के समान है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने उन्हें भगवान के समान सम्मान दिया है और इसी भावना के साथ उनकी प्रतिमा कांवड़ में रखी है.
रोज 30 से 35 KM चल रहे
हरपाल सिंह नीलकंठ से कांवड़ लेकर पैदल निकले हैं और फिलहाल सहारनपुर जिले के सरसावा क्षेत्र से आगे बढ़ रहे हैं. लगातार बारिश और लंबी पैदल यात्रा के कारण उनके पैरों में छाले भी पड़ गए हैं. इसके बावजूद वह रोज करीब 30 से 35 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं. हरपाल सिंह ने कहा कि बारिश हो या पैरों में दर्द, वह अपनी यात्रा पूरी करेंगे. उनका लक्ष्य 11 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास पहुंचना है, जहां वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथों शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करवाना चाहते हैं.