पानीपत | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा में पानीपत की ऐतिहासिक धरा से फिर से महिलाओं के लिए एक नई योजना का ऐलान कर दिया गया है. सोमवार को उन्होंने महिलाओं के लिए भारतीय जीवन बीमा निगम की बीमा सखी योजना की शुरुआत कर दी. इसके तहत साल भर में देश भर की 2 लाख महिलाओं को महिला सखी बनाया जाएगा. इन्हें LIC की तरफ से भी कमीशन दिया जाएगा.
सरकार भी उन्हें पहले साल ₹7000 महीना, दूसरे साल ₹6000 और तीसरे साल ₹5000 महीना मासिक मानदेय देगी. इसके अलावा ₹2100 की इंसेंटिव राशि भी दी जाएगी.
अब तक 25000 महिलाऐं बनी बीमा सखियाँ
PM मोदी द्वारा शहर के सेक्टर 13- 17 के दशहरा ग्राउंड में हजारों महिलाओं की मौजूदगी में इस योजना की शुरुआत करने की घोषणा की गई. अब तक देश में 25,000 बीमा सखियाँ बन कर तैयार हो चुकी हैं. इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को बीमा सखी के नियुक्ति पत्र भी सौपे. पीएम मोदी ने कहा कि यह योजना देश के परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने का काम करेगी. इससे होने वाली आमदनी से महिलाएं अपने परिवार को आर्थिक सहायता दे पाएंगी.
जन- धन खातों से मिला फायदा
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जनधन खातों की शुरुआत की गई. अगर यह खाते नहीं होते, तो गैस सब्सिडी के पैसे भी खातों में नहीं आ पाते, ना ही कोरोना काल के समय सरकार द्वारा दी जाने वाली मदद समय पर मिल पाती. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती राव और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी मौजूद रही.
यह महिलाएं बन सकेंगी बीमा सखी
जिन महिलाओं की उम्र 18 से 50 वर्ष के बीच है. वहीं, महिलाएं इस योजना के लिए आवेदन कर पाएंगी. महिलाओं का 10वीं पास होना जरूरी है. वह महिलाएं जो बीमा सेवा में रुचि रखती हैं वह महिलाएं ही इस योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं.
जरूरी दस्तावेज
आवेदक महिला के पास अपना आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र होना जरूरी है. इसके अलावा, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो व शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र होना भी आवश्यक है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इसके लिए आपको सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. यहाँ बीमा सखी योजना पर क्लिक करें. उसके बाद जो फार्म खुलकर आएगा उसमें अपनी सभी डिटेल्स को भर दें. जरूरी दस्तावेजों को अपलोड करके सबमिट के बटन पर क्लिक कर दें. अगर आप ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करना चाहते हैं, तो आपको अपने नजदीकी एलआईसी कार्यालय में संपर्क करना होगा. वहाँ से आवेदन फार्म को भरकर सभी दस्तावेजों को साथ लगाकर जमा करवा देना होगा.
