पानीपत पुलिस का कमाल, 55 गुम मोबाइल ट्रेस कर मालिकों को लौटाए; कई 3 साल पुराने

पानीपत | मोबाइल फोन गुम होने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके दर्जनों लोगों के चेहरे पर उस समय खुशी लौट आई जब पानीपत पुलिस ने साइबर सेल की मदद से 55 ट्रेस किए गए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए. पानीपत के SP भूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन मोबाइल के तहत पुलिस को यह सफलता मिली है. बरामद किए गए स्मार्टफोन्स की कुल कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है. लघु सचिवालय स्थित एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी भूपेंद्र सिंह ने खुद नागरिकों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन सौंपे.

Police

बरामद मोबाइलों में कई ऐसे फोन भी शामिल थे, जो 2 से 3 साल पहले गुम हुए थे. उनके मालिकों ने फोन वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी. ऐसे में पुलिस की ओर से फोन ट्रेस होने की सूचना मिलने के बाद लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.

ट्रेस किए जा रहे मोबाइल

मोबाइल लेने पहुंचे नागरिकों ने पानीपत पुलिस और साइबर टीम की कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने एसपी भूपेंद्र सिंह और पुलिस टीम का धन्यवाद भी किया. एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जिला पुलिस की साइबर क्राइम टीम लगातार गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी है. इसके लिए CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और आधुनिक ट्रैकिंग तकनीक की मदद ली जा रही है. पुलिस की ओर से हर महीने मोबाइल रिकवरी अभियान चलाया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि पुलिस का मकसद सिर्फ मोबाइल बरामद करना नहीं, बल्कि आमजन की गाढ़ी कमाई से खरीदी गई संपत्ति को सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचाना भी है. इससे लोगों का कानून व्यवस्था और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होता है.

पुलिस को दें सूचना

एसपी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाने या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि गुम हुए मोबाइल का असामाजिक या आपराधिक तत्व गैर-कानूनी गतिविधियों में इस्तेमाल कर सकते हैं. समय पर शिकायत मिलने से पुलिस मोबाइल को ब्लॉक करने के साथ उसे ट्रेस करने की प्रक्रिया भी शुरू कर सकती है. इससे फोन के दुरुपयोग को रोकने और उसे उसके असली मालिक तक वापस पहुंचाने की संभावना बढ़ जाती है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.