रेवाड़ी | दिल्ली- जयपुर (NH- 48) हाइवे से ट्रैफिक जाम का झंझट खत्म करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में इस हाइवे पर करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से हीरो चौक और सालावास कट पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. इस संबंध में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की ओर से एक कंपनी को दो साल के लिए टेंडर दिया गया है.

दो साल में पूरा होगा काम
NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि धारूहेड़ा में (NH- 48) पर दोनों जगहों पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य को साल 2027 में पूरा कर लिया जाएगा. फ्लाईओवर निर्माण से जहां ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा. साथ ही, सड़क हादसों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. उन्होंने बताया कि इस हाइवे पर कापड़ीवास के पास हीरो चौक और सालावास कट पर ट्रैफिक दबाव के चलते रोजाना सड़क दुघर्टना घटित हो रही है. हालांकि, इन पर काबू पाने के लिए दोनों जगहों पर बेरिकेट्स लगाकर कट को बंद किया गया है.
इन दोनों जगहों पर सड़क दुघर्टनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र हैं, तो यहां काम करने वाले लोग और आसपास के क्षेत्र की जनता लंबे समय से दोनों जगहों पर फ्लाईओवर बनाने की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों की ओर से कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं.
कई बड़ी कंपनियों के प्लांट मौजूद
जिला प्रशासन द्वारा इन दोनों जगहों को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित किया हुआ है. यहां हीरो कंपनी सहित कई बड़ी कंपनियां के प्लांट मौजूद हैं, जिनमें हजारों की संख्या में श्रमिक काम करते हैं. फ्लाईओवर के अभाव में श्रमिकों को पैदल ही हाइवे पार करना पड़ता है. ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से कई श्रमिकों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है.
NHAI ने हाईवे पर हीरो चौक, सालावास कट, पंचगांव और राठीवास कट पर फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया है. इसके अलावा कई स्थानों पर नाले भी बनाए जाएंगे. इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं. इनका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा- प्रकाश तिवारी, डिप्टी मैनेजर, NHAI