रेवाड़ी | खाटूश्याम जी मंदिर जाने वाले रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है. हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. आगामी गर्मियों की छुट्टियों में अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया गया है. इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और पिंक सिटी जयपुर जाने वाले पर्यटकों को विशेष तौर पर फायदा मिलेगा. उन्हें गर्मी के मौसम में सीट पर बैठ कर सफर करने की सुविधा मिलेगी जिससे उनकी यात्रा आरामदायक हो जाएगी.
खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में अतिरिक्त भीड़- भाड़ की संभावना बनी रहती है जिसको देखते हुए स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएगी. इन ट्रेनों के संचालन से खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत पहुंचेगी. ट्रेन नंबर 09633/ 34, रेवाड़ी- रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन 1 अप्रैल से 28 जून तक संचालित होगी. इसी तरह एक और ट्रेन नंबर 09637/ 38, रेवाड़ी- रींगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन भी संचालित की जाएगी. जल्द ही, इन दोनों ट्रेनों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा.
जयपुर की डगर होगी आसान
अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 09733/ 34, जयपुर- भिवानी- जयपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन जारी रहेगा. यह ट्रेन 1 अप्रैल से 15 जुलाई तक संचालित होगी. राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर जाने वाले पर्यटकों को इस ट्रेन के विस्तार से फायदा पहुंचेगा.
इस वजह से लिया फैसला
उन्होंने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से अतिरिक्त भीड़-भाड़ बढ़ जाती है. इसी दबाव को कम करने के उद्देश्य से हर साल की तरह इस बार भी गर्मियों की छुट्टियों में स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है. इन ट्रेनों के संचालन से जहां यात्रियों को सुविधा मिलेगी तो वहीं दूसरी ओर नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होगा. स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सीट मिलना आसान होगा जिससे सफर करने में आसानी होगी.
