रेवाड़ी | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. आगामी गर्मियों की छुट्टियों में पर्यटन स्थलों पर जाने वाले यात्रियों के चलते ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए रेलवे ने 8 ट्रेनों में डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. इस कदम से यात्रियों के लिए सफर करना आरामदायक हो जाएगा.

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा फायदा महेंद्रगढ़, नारनौल, अटेली और निजामपुर से दिल्ली, जयपुर, रेवाड़ी, भिवानी और बीकानेर की ओर आवाजाही करने वालों को मिलेगा. इससे यात्रियों को सीट मिलना आसान हो जाएगा और दूसरी ओर नियमित ट्रेनों से यात्रियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
इन ट्रेनों में बढ़ाई गई डिब्बों की संख्या
अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 19619/ 20 रेवाड़ी- फुलेरा- रेवाड़ी, ट्रेन नंबर 59631/ 32 रेवाड़ी- हिसार- रेवाड़ी, ट्रेन नंबर 19621/ 22 रेवाड़ी- फुलेरा- रेवाड़ी, ट्रेन नंबर 59629/ 30 फुलेरा- जयपुर- फुलेरा, ट्रेन नंबर 09635/ 36 जयपुर- रेवाड़ी- जयपुर में 1- 31 मई तक 5- 5 द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है.
मथुरा- कालका का सफर होगा सुहाना
- ट्रेन नंबर 14795/96, भिवानी- कालका- भिवानी में 1-31 मई तक तीन द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बे बढ़ाए जाएंगे.
- ट्रेन नंबर 14705/06, भिवानी- ढेहर का बालाजी- भिवानी में 2 मई से 1 जून तक 3 द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी की जाएगी.
- ट्रेन नंबर 14725/26, भिवानी- मथुरा- भिवानी ट्रेन में भिवानी से 3 मई से 2 जून तक और मथुरा से 4 मई से 3 जून तक तीन द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है. रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलना आसान हो जाएगा जिससे उनकी यात्रा आरामदायक बनेगी.