हरियाणा के खिलाड़ियों के दम पर उठी मांग, 2030 कॉमनवेल्थ के कुछ मुकाबले प्रदेश में कराने की तैयारी

रोहतक | कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए रोहतक की लोकहित संस्था ने 2030 में गुजरात में होने वाले कॉमनवेल्थ खेलों के कुछ मुकाबले हरियाणा में कराने की मांग उठाई है. संस्था ने इस मामले में खाप पंचायतों और सामाजिक संगठनों से भी सहयोग लेने का फैसला किया है. इसके साथ ही डीसी से लेकर राष्ट्रपति तक ज्ञापन देने की तैयारी है.

common wealth games

लोकहित संस्था के अध्यक्ष चंचल नांदल ने कहा कि कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है. ऐसे में अगली बार गुजरात में होने वाले खेलों का कुछ हिस्सा हरियाणा में भी कराया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कबड्डी, कुश्ती और तीरंदाजी जैसे खेल हरियाणा में आयोजित किए जा सकते हैं.

सहयोग की अपील

चंचल नांदल ने कहा कि हरियाणा में कॉमनवेल्थ खेलों के आयोजन को लेकर खाप पंचायतों और सामाजिक संगठनों को भी आवाज उठानी चाहिए. हरियाणा सरकार को भी केंद्र के सामने यह मांग मजबूती से रखनी चाहिए. इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को अपने राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और तैयारी करने का प्रोत्साहन मिलेगा.

उन्होंने कहा कि पिछली बार कॉमनवेल्थ में करीब 38 प्रतिशत पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते थे. इस बार भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने 6-7 गोल्ड मेडल हासिल किए हैं. ऐसे में हरियाणा को खेलों का हिस्सा मिलना खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी.

पुनर्विचार की मांग

नांदल ने कहा कि 2030 में कॉमनवेल्थ खेल होने हैं और अभी काम शुरू नहीं हुआ है. केंद्र सरकार अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सकती है. गुजरात में होने वाले खेलों का कुछ हिस्सा हरियाणा में कराने से खिलाड़ियों में नया जोश पैदा होगा. लोकहित संस्था ने लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा की उस मांग का भी समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने संसद में कॉमनवेल्थ खेलों का कुछ हिस्सा हरियाणा में कराने की मांग उठाई थी. नांदल ने कहा कि मांग जायज है, क्योंकि एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी रहती है.

डीसी से राष्ट्रपति तक देंगे ज्ञापन

चंचल नांदल ने कहा कि इस मांग को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी. इसके अलावा आने वाले दिनों में डीसी से लेकर राष्ट्रपति तक ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया है. हरियाणा में खेलों का कुछ हिस्सा आयोजित होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा और खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.