हरियाणा में चलती ट्रेन में हुए धमाके से मची भगदड़, डिब्बे से कूदे 4 यात्री; ये थी हादसे की वजह

रोहतक | हरियाणा के जींद से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे में शाम को अचानक आग लग गई. सूचना मिलते ही अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई. बताया जा रहा है कि ट्रेन में गंधक पोटाश की वजह से यह हादसा हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार, पैसेंजर ट्रेन शाम 4:20 पर रोहतक से दिल्ली के लिए निकली थी. 30 मिनट बाद यह सांपला रेलवे स्टेशन पहुंच गई. उसके बाद ट्रेन बहादुरगढ़ के लिए निकल गई.

train fire

इस कारण हुई घटना

कुछ देर बाद अचानक से एक सवारी डिब्बे में जोरदार धमाके से आग लग गई. सवारियों में भगदड़ मच गई और चीख पुकार शुरू हो गई. ऐसी भी जानकारियां सामने आई कि चलती ट्रेन से 4 व्यक्ति कूद गए. अचानक से चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया. सूचना मिलने पर पुलिस की टीम और फायर ब्रिगेड मौके आ गई और आग पर काबू पाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक यात्री अपने साथ गंधक पोटाश लेकर यात्रा कर रहा था जिसके कारण यह घटना हुई है. इस पूरे मामले की जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीमें बुला ली गई हैं.

मची अफरा- तफरी

एक व्यक्ति ने बताया कि सांपला रेलवे स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन के रवाना होने के साथ ही धमाका हो गया. वहीं एक और प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह अपनी सीट पर बैठा हुआ था, जहां सामान रखा जाता है वहां किसी ने दीपावली पर बेचने के लिए गंधक पोटाश और लोहे के औजार रखे हुए थे. तभी अचानक से आग लग गई और जोरदार धमाका हो गया ट्रेन के डिब्बे में अफरा- तफरी मच गई. पूरा डिब्बा आग से काला पड़ गया.

दिवाली पर गंधक पोटाश खुलेआम बेचा जा रहा है. यह पटाखों के विकल्प के तौर पर तेजी से उभर रहा है. दिवाली पर पटाखों पर बैन की वजह से इनकी मांग काफी ज्यादा बढ़ गई है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts