रोहतक | 26 जनवरी यानि गणतंत्र दिवस के अवसर पर रोहतक (Rohtak) जिले के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. परिवहन विभाग की ओर से इस दिन जिले के लोगों को 5 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलने जा रही है. इन बसों का संचालन रोहतक डिपो से किया जाएगा, जिसके लिए रोडवेज विभाग ने स्टाफ की नियुक्ति के जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं.
आधुनिक सुविधाओं से लैस
प्रदुषण रहित इन इलेक्ट्रिक बसों को पूरी तरह से वातानुकूलित बनाया गया है, ताकि गर्मी के मौसम में यात्रियों को परेशानी न हो. इन बसों में आगे और पीछे स्थापित डिस्प्ले पर यात्रियों को उनके स्टैंड की पता चलेगा. साथ ही, बस रूट पर कौन- कौन से बस स्टैंड पर ठहराव करेगी इसकी जानकारी भी मिलेगी. 46 सीटर ये इलेक्ट्रिक बसें GPS फीचर से लैस होगी. लो फ्लोर इन बसों में यात्रियों को चढ़ने- उतरने में कोई परेशानी नहीं होगी. इन इलेक्ट्रिक बसों में न्यूनतम किराया 10 रूपए रहेगा. दूरी किलोमीटर के हिसाब से किराए के 10 रूपए, 15 रूपए और 20 रूपए के स्लैब बनाए गए हैं.
जिला उपायुक्त धीरेन्द्र खड़गटा ने बताया कि शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जहां पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलेगी, तो वहीं लोगों को शहर में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने में आसानी होगी. गणतंत्र दिवस पर इन बसों को रूट पर उतार दिया जाएगा. इस दिन यात्रियों के लिए सफर फ्री रहेगा.
जानें रूट
डिपो महाप्रबंधक भारत भूषण गोगिया ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसें रोहतक बस स्टैंड से PGI वाया शीला बाईपास, रिवाज होटल, रिलायंस मार्ट, स्वामी नित्यानंद पब्लिक स्कूल, जाट भवन, सेक्टर- 1 मैन रोड, राजीव चौक (दिल्ली बाईपास), MDU गेट नंबर- 2, सेक्टर- 14, जाट कॉलेज, सीआर पालीटेक्निक, पावर हाउस, पीजीआई मोड होते हुए मेडिकल इमरजेंसी तक हर 15 मिनट के अंतराल में चलेंगी और वापिस इसी रास्ते बस स्टैंड की तरफ लौटेगी.
