रोहतक | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में रोहतक से कैंची धाम नीम करोली बाबा और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है.

रोहतक से दौड़ेगी AC बस
रोहतक रोडवेज डिपो द्वारा नीम करोली धाम और नैनीताल के लिए सीधी AC बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को बड़ी सौगात दी गई है. यह बस सुबह साढ़े 8 बजे रवाना होकर शाम साढ़े 4 बजे काठगोदाम पहुंचेगी. यहां से आप उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें पकड़कर कैंची धाम नीम करोली बाबा और नैनीताल का सफर तय कर सकेंगे.
रोडवेज विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस बस में प्रति व्यक्ति यात्री किराया 700 रुपए निर्धारित किया गया है. रात्रि ठहराव के बाद यह बस अगले दिन रोहतक के लिए सुबह 4 बजे काठगोदाम से और हल्द्वानी से सुबह 5 बजे रवाना होगी.
श्रद्धालुओं को मिलेगा फायदा
उन्होंने बताया कि कैंची धाम और नैनीताल जैसी लंबी दूरी की यात्रा के लिए एसी बस सेवा की सुविधा उपलब्ध होने पर लोगों को बड़ा फायदा पहुंचेगा. इससे उनका सफर आरामदायक और सुविधाजनक हो जाएगा. उन्हें अपने नजदीकी बस स्टैंड से सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा और बीच रास्ते बार-बार बस बदलने के झंझट से मुक्ति मिलेगी. यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए परिवहन विभाग निरंतर प्रयासरत हैं.