रोहतक | स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (SUPVA) के विद्यार्थियों ने अकादमिक प्रक्रियाओं में हो रही देरी के बीच अपनी रचनात्मकता को पर्दे पर उतारा है. छात्रों ने मिलकर हरियाणवी फिल्म ‘रेत का घेरा’ तैयार की है. फिल्म के जरिए विद्यार्थियों ने पारंपरिक फिल्म निर्माण से अलग अपनी प्रतिभा और सोच को सामने रखने की कोशिश की है. SUPVA के छात्र अमित साथी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजकुमार धनखड़, विशाल दहिया और सुजाता रोहिल्ला प्रमुख भूमिकाओं में हैं.
फिल्म की कहानी और पटकथा तैयार करने में आशीष शुक्ला और अशोक ने अमित साथी का सहयोग किया है. वहीं फिल्म का छायांकन SUPVA के पूर्व विद्यार्थी नीरज जांगड़ा ने किया है, जबकि एडिटिंग की जिम्मेदारी चिराग कुंडू ने संभाली.
छात्रों ने मिलकर की तैयार
फिल्म के साउंड डिजाइन का काम अक्षय अल्लावधी और दिलजीत दादरवाल ने किया है. रजत, भरत और अक्षय ने सहायक भूमिकाओं में योगदान दिया है. फिल्म की पूरी रचनात्मक टीम में SUPVA के मौजूदा विद्यार्थियों के साथ संस्थान के पूर्व छात्र भी जुड़े रहे. अमित साथी के अनुसार, ‘रेत का घेरा’ सिर्फ एक सामान्य कहानी नहीं है, बल्कि व्यक्ति के भीतर बनने वाले मानसिक बंधनों को समझने की कोशिश है. फिल्म में जलन, असुरक्षा और मनोवैज्ञानिक दबाव को केंद्र में रखा गया है.
बाहरी परिस्थितियों से प्रभावित होकर इंसान किस तरह अपने आसपास और अपने भीतर एक ऐसा घेरा बना लेता है, जिससे बाहर निकलना उसके लिए मुश्किल हो जाता है. इसी मानसिक द्वंद्व को फिल्म की कहानी और सिनेमाई भाषा के जरिए प्रस्तुत किया गया है.
रचनात्मक पहल
अमित साथी ने बताया कि फिल्म तैयार करने का विचार अकादमिक ढांचे और पाठ्यक्रम में हो रही देरी के बीच आया. विद्यार्थियों का मानना है कि संस्थागत प्रक्रियाओं में समय लग सकता है, लेकिन रचनात्मक काम को लंबे समय तक रोका नहीं जा सकता. इसी सोच के साथ छात्रों ने फिल्म निर्माण के जरिए अपनी रचनात्मक यात्रा को आगे बढ़ाया. जिस संस्थान से विद्यार्थियों ने फिल्म निर्माण सीखा, वहीं उनकी फिल्म की पहली प्रस्तुति होगी.
हरियाणवी इनोवेटिव फिल्म एसोसिएशन की ओर से SUPVA में 19 से 23 सितंबर तक फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा. इसी फेस्टिवल के दौरान ‘रेत का घेरा’ दर्शकों के सामने पहली बार प्रदर्शित की जाएगी.
