रोहतक | हरियाणा के रोहतक जिले में बुधवार को 18 साल की लब्धि जैन की केसर रस्म अदायगी की गई. इस मौके पर जनता कॉलोनी स्थित घर में विवेक जैन और उनकी पत्नी अंकिता जैन, लब्धि के धर्म के माता- पिता बने. लब्धि की मां सेजल और पिता जयप्रकाश भी मौजूद रहे. अब 4 जून को मेहंदी रस्म में प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. अब 5 जून को भव्यातिभव्य दीक्षा महोत्सव, रस्म तिलक और भव्य कलश एवं शोभा यात्रा निकाली जाएगी.
सेजल जैन ने दी बेटी को मोक्ष मार्ग पर आशीष
केसर रस्म अदायगी के दौरान मां सेजल ने कहा कि बेटी हमारे पास है और वह धर्म के रास्ते पर चल रही है. मोक्ष प्राप्ति के लिए ही उसने यह निर्णय लिया है. हमें खुशी है कि वह अपनी बड़ी बहन की तरह काम कर रही है. साल 2010 में उनकी बड़ी बेटी जैन साध्वी बनी थी. तब उसे 15 सालों में कई बार मिलना हुआ. हालांकि, अब उसमें काफी अंतर है. साध्वी बनने के बाद अब वह हमारी बेटी नहीं, बल्कि भगवान का रूप हो जाती है. हम उनसे आशीर्वाद लेते हैं.
बचपन से था साध्वी बनने का सपना
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही यह इच्छा रखती थी. उन्होंने कहा कि केसर रस्म अदायगी के दौरान वह यही बोल रही थी कि उसे बचपन से ही इस पल का इंतजार था, जो अब आ गया है. धर्म पिता बने विवेक जैन ने बताया कि धर्म के मार्ग पर चलना काफी मुश्किल है. हमें साध्वी बनने जा रही लब्धि जैन के माता- पिता बनने का सौभाग्य मिला. यह हमारे लिए गर्व की बात है. वहीं, धर्म की मां अंकिता जैन ने बताया कि जब भी कोई लड़की जैन साध्वी बनती है, तो उन्हें इन रस्मों को जीवनकाल में एक बार निभाना पड़ता है.
सोनीपत निवासी है लब्धि जैन
बताते चलें कि लब्धि जैन मूल रूप से सोनीपत की रहने वाली हैं. उनके परिवार में पिता जय प्रकाश और मां सेजल के अलावा दादा सुखवीर सिंह, दादी धर्मकौर, ताऊ समरजीत, अमरजीत, ताई राजबाला, भाई रजत, गौरव, करण, रवि, मुकेश व हार्दिक, भाभी आन्वी, निहारिका व पारसी, उनकी बहन ज्योतिष मार्तण्ड साध्वी डॉ. महाप्रज्ञ, भतीजी भव्या, नाना- नानी सुनील व माय देवी आदि सदस्य हैं.
