रोहतक | पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PGIMS) में उपचार के लिए आने वाले लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां इलाज के लिए मरीजों को अब ओपीडी की लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. संस्थान द्वारा एक सितंबर से एक नई सुविधा की शुरुआत हो रही है.
संस्थान ने शुरू की नई सुविधा
रोहतक पीजीआई द्वारा 1 सितंबर से पहली बार ऑनलाइन अपॉइंटमेंट प्रणाली शुरू की जा रही है. जिसके बाद मरीज घर बैठे डाक्टर से मिलने का समय निर्धारित कर सकेंगे. उन्हें अपने मोबाइल फोन से 104 नंबर डायल करना होगा. कॉल सेंटर पर उनसे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेकर बताया जाएगा कि कौन-सा डाक्टर किस समय जांच करेगा.
OPD में अलग से खिड़की निर्धारित होगी, जहां से आनलाइन समय लेने वाले मरीज टोकन नंबर प्राप्त कर सकते हैं. PGIMS प्रशासन ने इस योजना के तहत, रणनीति तैयार करते हुए शुरूआत में रोजाना एक विभाग के 10 मरीजों की जांच करने का फैसला लिया है. यह प्रकिया दोपहर 1 से 2 बजे के बीच रहेगी ताकि इसकी सफलता और व्यवहारिकता का आंकलन किया जा सकें.
नोडल अधिकारी नियुक्त
PGIMS के डायरेक्टर डॉ. सुरेश सिंघल ने बताया कि पीजीआई की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 104 जारी किया गया है. इसे लेकर एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है. OPD में एक अलग से खिड़की बनाई गई है. यहां ऑनलाइन अपाइंटमेंट लेने वाले मरीजों को टोकन नंबर मिलेगा. शुरूआत में हर विभाग के 10 मरीजों का ही परीक्षण किया जाएगा. इस संबंध में सूचना मुख्यालय में भी भेज दी गई है. यह वैसे ही काम करेगा, जैसे एमरजेंसी, पुलिस और फायरब्रिगेड के तीन अंकों के नंबर करते हैं.
