वारदात: महिला की बेरहमी से हत्या, झज्जर में मिला कटा हुआ सिर, रोहतक में धड़

रोहतक । हरियाणा के रोहतक जिले के चुलियाना गांव से सनसनीखेज वारदात की ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनकर रुह कांप उठे. चुलियाना-डीघल रोड़ पर एक महिला के मर्डर का ऐसा केस सामने आया है जिसकी जांच में दो जिलों की पुलिस लगी हुई है. महिला का सिर झज्जर पुलिस के पास है तो धड़ रोहतक पुलिस के कब्जे में हैं. पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुट गई है. वहीं झज्जर पुलिस ने शिनाख्त के लिए महिला के सिर को तीन दिन तक सिविल अस्पताल झज्जर में रखवा दिया है.

Police Photo

दरअसल पूरा मामला बीती शाम का है ,जब चुलियाना गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक महिला का कटा हुआ सिर सड़क पर पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही झज्जर जिले के दुजाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सिर को अपने कब्जे में लिया. रात होने की वजह से पुलिस आसपास की जगह ज्यादा छानबीन नहीं कर पाई. लेकिन मंगलवार की सुबह एक महिला की धड़ भी रोहतक जिले की सीमा में झाड़ियों में पड़ी हुई मिली.

सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए एसएफएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. महिला का धड़ जली हालत में था और उसके कपड़े,बाल तथा बालों में लगाने वाली पिन भी इधर-उधर पड़ी हुई थी. मौका-ए-वारदात से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि महिला के मर्डर के बाद उसके शव को खुर्द-बुर्द करने की कोशिश की गई है. रोहतक और झज्जर दोनों जिलों की पुलिस में भी इस मामले को लेकर काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में मामला रोहतक पुलिस के हवाले कर दिया.

यह भी पढ़े -  अब 30 मिनट कम होगा सफर, पानीपत- रोहतक रेलखंड पर बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड

घटना स्थल पर पहुंचे डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या का मामला नजर आ रहा है. मामले की जांच तेजी से की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटनास्थल पर मिलें सामान को एकत्रित कर जांच के लिए भेज दिया गया है और महिला के धड़ को रोहतक पीजीआई में भेजा गया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.