सिरसा | हरियाणा निकाय चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी- अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. इन चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया 17 फरवरी तक चलेगी और 2 मार्च को वोटिंग होगी. इन चुनावों के लिए बीजेपी ने नगर निगम में मेयर और नगर परिषद् में चेयरमैन पदों के लिए पार्टी सिंबल पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) ने भी निकाय चुनावों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है.
JJP ने घोषित किया प्रत्याशी
JJP ने सिरसा में नगर परिषद् चुनाव में चेयरमैन पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. पार्टी ने प्रवीण कुमार उर्फ लक्की चौधरी को टिकट देकर चुनावी रण में उतारा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के निर्देश पर पार्टी ने यह फैसला लिया है. लक्की चौधरी JJP के चुनाव चिह्न चाबी के निशान पर चेयरमैन का चुनाव लडेंगे.
अजय चौटाला के संघर्ष के साथी लक्की चौधरी
JJP की ओर से नगर परिषद् चेयरमैन पद के उम्मीदवार लक्की चौधरी साल 1990 से डॉ. अजय सिंह चौटाला के साथ जुड़े हुए हैं. इस दौरान उन्होंने अजय चौटाला के मार्गदर्शन में पार्टी के अलग- अलग पदों पर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. हाल ही में, उन्हें पार्टी संगठन में हरियाणा जननायक कर्मचारी मजदूर संगठन का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
JJP के वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद
पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि पार्षद पद का चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं लड़ा जाएगा. जो भी कार्यकर्ता इस पद के लिए आवेदन करेगा, उसे पार्टी की ओर से भरपूर समर्थन दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि लक्की चौधरी 17 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अजय सिंह चौटाला, दुष्यंत चौटाला सहित कई अन्य नेताओं की उपस्थिति रहेगी.
