डीजे पर नाचने के दौरान हुई कहासुनी, एक युवक की चलीं गईं जान

सोनीपत । सोनीपत में एक शादी समारोह में डीजे पर नाचने के दौरान हुई कहासुनी को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया. शादी में मौजूद लोगों ने उस वक्त तो बीच-बचाव कर मामले को शांत करवा दिया लेकिन बाद में घर लौटते समय एक पक्ष के लोगों ने बीच रास्ते एक युवक को बुरी तरह पीटा जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक संदीप समालखा का रहने वाला था. मामले की सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एसएफएल टीम को मौके पर बुलाया और संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया.

Fight

डीजे पर नाचने के दौरान हुई कहासुनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार पानीपत के समालखा निवासी संदीप अपने ताऊ के लड़के अभिषेक,पवन, प्रवीण सहित चार अन्य दोस्तों के साथ गन्नौर के गढ़ी झंझारा रोड़ निवासी अपने दोस्त मोनू के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था. यहां डीजे पर नाचने के दौरान उसका झगड़ा सफीदों के गांव जयपुर निवासी जोनी व उसके दोस्तों के साथ हो गया. वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को ठंडा करवा दिया.

इसके बाद संदीप अपने ताऊ के लड़कों व दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर घर की तरफ रवाना हुए. लेकिन जोनी व उसके साथियों ने उनका पीछा करते हुए गढ़ी झंझारा रोड़ पर पावर हाउस के नजदीक घेर लिया. इस दौरान अभिषेक,पवन, प्रवीण व अन्य साथी अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागते हुए साथ लगते खेतों में छिप गए. लेकिन जोनी व उसके दोस्तों ने संदीप को पकड़ लिया और उसे बुरी तरह से पीटने लगे.

कुछ देर बाद जब सभी साथी खेतों से बाहर निकलें तो उन्होंने देखा कि खून से लथपथ संदीप बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़ा हुआ था. वें संदीप को इलाज के लिए तुरंत गन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

गन्नौर थाना प्रभारी वजीर सिंह ने बताया कि मारपीट के दौरान मृतक संदीप के पेट में गहरी चोटें लगी थी , जिससे उसकी मौत हुई है. गन्नौर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इनकी आपस में पहले कोई रंजिश नहीं थी. शादी में डीजे पर नाचने के दौरान ही झगड़ा हुआ था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.