हरियाणा की तरफ मेट्रो के बढ़ते कदम, DMRC ने बिजली निगम से मांगा सहयोग; 3 राज्यों के बीच कनेक्टिविटी

सोनीपत | हरियाणा में मेट्रो विस्तार को लेकर अच्छी खबर सामने आई है. यहां सोनीपत जिले तक मेट्रो विस्तारीकरण के तहत, बीच में आने वाली ज़मीनी बाधाओं को दूर करने की दिशा में काम शुरू हो गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने रिठाला- नरेला मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण और संचालन के लिए हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (UHBVN) से सहयोग मांगा है.

Metro Train

DMRC ने बिजली निगम को पत्र लिखा

DMRC द्वारा लिखे गए पत्र में 27 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के लिए बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ- साथ अतिक्रमण से जुड़े मुद्दों के समाधान पर ध्यान देने की अपील की गई है. इस पत्र में बताया गया है कि कुंडली- नाथूपुर तक मेट्रो विस्तार में बिजली निगम की कुछ विद्युत उपयोगिताएं रूकावट खड़ी कर रही है. ऐसे में इन्हें शिफ्ट किया जाना चाहिए.

बिजली वितरण निगम से काम के लिए बिजली आपूर्ति की मांग भी की गई है. इस काम के लिए बिजली निगम को अपना एक प्रतिनिधि नियुक्त करने को कहा गया है, ताकि अंडरग्राऊंड व ओवरग्राऊंड बिजली तारों व उपकरणों को सटीक जगह पर शिफ्ट किया जा सके. DMRC ने इस पत्र की प्रतियां वरिष्ठ अधिकारियों के पास भेजी है ताकि संबंधित कार्रवाई में तेजी लाई जा सके.

3 राज्यों के बीच होगी निर्बाध कनेक्टिविटी

DMRC ने इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए जनरल अरेंजमैंट ड्राइंग भी सांझा किया है, जिसमें परियोजना का विस्तृत खाका दिया गया है. बता दें कि मेट्रो का यह नया कॉरिडोर UP के गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा के कुंडली के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा. यह मेट्रो लाइन गाजियाबाद के शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर रिठाला स्टेशन तक आती है. इसी लाइन का आगे नरेला होते हुए हरियाणा के कुंडली तक विस्तार किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.