सोनीपत | हरियाणा रोडवेज ने गोहाना से दिल्ली के लिए सीधी एयर कंडीशंड (AC) बस सेवा शुरू कर दी है. इस नई सुविधा से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और इलाज के लिए दिल्ली जाने वाले मरीजों को आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा. अब यात्रियों को सामान्य बसों की भीड़ या निजी वाहनों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

नई AC बस प्रतिदिन सुबह 10 बजे और दोपहर 3 बजे गोहाना बस स्टैंड से दिल्ली के लिए रवाना होगी. वापसी में भी बस निर्धारित समय के अनुसार दिल्ली से गोहाना के लिए चलेगी. गर्मी और उमस के मौसम में यह सेवा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी.
इन्हें मिलेगा लाभ
गोहाना से रोजाना करीब 400 से 500 यात्री नौकरी, कारोबार, शिक्षा, इलाज और सरकारी कार्यों के लिए दिल्ली का सफर करते हैं. अब तक अधिकांश यात्रियों को सामान्य बसों में भीड़ का सामना करना पड़ता था. नई AC बस सेवा शुरू होने से यात्रा अधिक आरामदायक हो जाएगी. सामान्य बस का किराया 95 रुपये है, जबकि AC बस के लिए 135 रुपये खर्च करने होंगे. वहीं, गोहाना से चंडीगढ़ के लिए पहले से चल रही AC बस सेवा के जरिए रोहतक, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिल रही है.
77 बसों का बेड़ा
गोहाना सब डिपो के पास वर्तमान में 77 बसों का बेड़ा है. इनमें से करीब 30 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित की जा रही हैं. इसके अलावा, पानीपत डिपो भी गोहाना तक AC बस सेवाएं उपलब्ध करा रहा है. ऐसे में आने वाले समय में AC बसों का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. गोहाना से चंडीगढ़ जाने वाली बस पहले रोहतक पहुंचती है और वहां से आगे चंडीगढ़ के लिए रवाना होती है.
दिल्ली के लिए सीधी AC बस सेवा शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, यात्रियों का समय बचेगा और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में अन्य बड़े शहरों के लिए भी AC बस सेवाएं शुरू करने पर विचार किया जाएगा- के बिजेंद्र, डीआई, गोहाना सब डिपो