हरियाणा के छोरे की इंग्लैंड की राजनीति में धमाकेदार एंट्री, 22 साल की उम्र में डिप्टी मेयर बना तुषार

सोनीपत | विदेशी सरजमीं से हरियाणा का गौरव बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. यहां की एक युवा प्रतिभा ने अपनी मेहनत और सच्ची लगन की बदौलत विदेश में विशेष उपलब्धि हासिल कर न केवल अपने गांव का नाम रोशन किया है बल्कि हिंदुस्तान का भी गौरव बढ़ाया है. बता दें कि सोनीपत जिले के गांव रोहणा निवासी 22 वर्षीय तुषार दहिया को इंग्लैंड के एल्स्ट्री और बोरेहामवुड टाउन काउंसिल ने 21 मई को डिप्टी मेयर नियुक्त किया है.

Tushar Dahiya Sonipat

राजनीति विज्ञान से ग्रेजुएट हैं तुषार

इस पद पर पहुंचने वाले तुषार दहिया टाउन के सबसे युवा और पूरे ब्रिटेन में भारतीय मूल के सबसे कम उम्र के डिप्टी मेयर बन गए हैं. उनकी इस उपलब्धि पर गांव रोहणा ही नहीं बल्कि पूरे सोनीपत जिले में खुशी का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि तुषार ने अपनी इस उपलब्धि से हिंदुस्तान का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है.

तुषार दहिया ने किंग्स कॉलेज लंदन से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की है. पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी काफी सक्रियता रही है. उन्होंने ब्रिटेन के डिपार्टमेंट फॉर वर्क एंड पेंसंस में पॉलिसी एडवाइजर के रूप में कार्य किया है. सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और पेंशन नीतियों के निर्माण में उन्होंने स्पेशल फोकस किया.

उनकी सक्रियता केवल प्रशासनिक कामकाज तक ही सीमित नहीं रही बल्कि वह हिंदी शिक्षा परिषद UK में स्वयंसेवक के तौर पर भी काफी सक्रिय रहें. इस संगठन के माध्यम से उन्होंने ब्रिटिश-भारतीय बच्चों को मुफ्त में हिंदी भाषा सिखाने का काम किया. इसके साथ ही तुषार स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और कई अन्य भारतीय त्योहारों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करवाकर भारतीय विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी काम कर रहे हैं.

यह भी पढ़े -  Sonipat Sports Jobs: सोनीपत में इन पदों पर निकली भर्ती, 4 अगस्त तक करें आवेदन

ब्रिटेन की मीडिया ने सराहा

तुषार दहिया ने राजनीति को केवल पद और सत्ता तक ही सीमित नहीं बल्कि सेवा और बदलाव का माध्यम बताया. वह चाहते हैं कि उनसे प्रेरित होकर ज्यादा से ज्यादा संख्या में युवा राजनीति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. स्थानीय मीडिया ने भी तुषार दहिया के चयन को ब्रिटेन की विविधता और समावेशन का प्रतीक बताया है, जिसमें उनकी छवि को मिलनसार, जिम्मेदार और दूरदर्शी युवा नेता के रूप में दर्शाया गया है. तुषार से पहले उनकी मां परवीना भी डिप्टी मेयर बन चुकी हैं और अब बेटे ने यह उपलब्धि हासिल कर हिंदुस्तान और हरियाणा का नाम रोशन कर दिया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.