सोनीपत | हरियाणा रोडवेज विभाग द्वारा बुजुर्गों के लिए एक बड़ा बदलाव किया गया है. विभाग द्वारा बुजुर्गों को दिए जाने वाले सीनियर सिटीजन कार्ड को अब नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के रूप में तब्दील किया जाएगा, जिसके तहत बुजुर्ग अपने कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर पाएंगे. आवेदन के बाद कार्ड बनाकर रोडवेज विभाग के पास पहुंचेगा.
पात्र बुजुर्ग को उनके मोबाइल फोन पर मैसेज के माध्यम से इसकी सूचना दी जाएगी. इसके बाद, बुजुर्ग विभाग के कार्यालय जाकर इस कार्ड को प्राप्त कर पाएंगे. इस कार्ड से बुजुर्ग यात्रा के साथ अन्य कई प्रकार के लाभ प्राप्त कर पाएंगे.
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC)
यह एक ऐसा कार्ड है जिसे कई कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है. यह इंटरऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड मेट्रो, बस, लोकल ट्रेन, टोल प्लाजा, पार्किंग शुल्क और विभिन्न खुदरा दुकानों पर भुगतान जैसी सेवाओं के लिए प्रयोग में लाया जा सकता है. भारत सरकार की वन नेशन वन कार्ड पालिसी के अंतर्गत इसे पेश किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य डिजिटल और कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देना है.
NCMC में बदलेंगे सीनियर सिटीजन कार्ड
वर्तमान में सोनीपत और गोहाना में 2 प्रमुख बस डिपो संचालित है, जहां से हजारों यात्री यात्रा करते हैं. इनमें काफी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी होते हैं. रोडवेज विभाग द्वारा जिले के 6,000 से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों को सीनियर सिटीजन कार्ड जारी किए गए हैं. अब इन्हें NCMC के रूप में बदला जाएगा. इसके अलावा, जो लोग नए आवेदन करेंगे, उन्हें शुरू से ही NCMC कार्ड दिए जाएंगे.
हैप्पी कार्ड धारकों को मिलेगी नई सुविधा
रोडवेज विभाग द्वारा बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए एक और सुविधा प्रदान की गई है. यदि किसी सीनियर सिटीजन के पास हैप्पी कार्ड मौजूद है और उन्होंने अपनी सालाना 1,000 किलोमीटर की मुफ्त यात्रा का कोटा पूरा कर लिया है, तो वह अपने हैप्पी कार्ड को सीनियर सिटीजन कार्ड में अपडेट करवा सकते हैं. इस कार्ड के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को बस किराए में 50% तक की छूट दी जाती है.
