सोनीपत: TDI सिटी से कुंडली तक बनेगा हाईलेवल पुल, बड़े स्तर पर लोगों को मिलेगा फायदा

सोनीपत | कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया और आसपास के रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां के निवासियों को अब जान जोखिम में डालकर हाइवे से आवाजाही करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यहां TDI के पास सेनांगल- अटेरना होते हुए ड्रेन नंबर- 8 के ऊपर से गांव सेरसा तक 580 मीटर लंबा उच्चस्तरीय (हाई लेवल) पुल बनेगा.

Pool Canel

6 करोड़ रूपए होंगे खर्च

इस पुल के निर्माण से कामकाजी लोगों, श्रमिकों और आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोगों को बड़े स्तर पर फायदा पहुंचेगा. इसके निर्माण पर करीब 6 करोड़ रूपए खर्च होंगे. लोकनिर्माण विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी हैं और टेडंर होते ही जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है.

कुंडली में नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक दबाव बहुत ज्यादा रहता है. यहां अक्सर जाम के साथ एक्सीडेंट होने का अंदेशा बना रहता है. ड्रेन नंबर- 8 की वजह से इंडस्ट्रियल एरिया और रिहायशी क्षेत्र बंटे हुए हैं. इससे श्रमिकों और उद्योगों में काम करने वाले लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है. कुंडली गांव पर ट्रैफिक दबाव भी क्षेत्रवासियों के लिए समस्या बनी हुई थी. ऐसे में नए पुल के निर्माण से इस समस्या से छुटकारा मिलेगा और लोग कुंडली के ट्रैफिक जाम से बचते हुए औद्योगिक क्षेत्र तक सीधे आसानी से पहुंच सकेंगे.

इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

पुल निर्माण से अटेरना, नांगल, पतला, जाखौली, सेवली, असावरपुर आदि गांवों के साथ- साथ TDI सिटी और अन्य रिहायशी सोसायटियों के निवासियों को भी लाभ मिलेगा. इससे श्रमिकों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में आसानी होगी और इंडस्ट्रियल एरिया में रोजगार के लिए जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.