हरियाणा के मीत सिंघल भारतीय सेना में बने लेफ्टिनेंट, लक्की नंबर बना 24

सोनीपत | खेल मैदान से लेकर शिक्षा क्षेत्र की बात करें तो हरियाणा की युवा पीढ़ी अपनी मेहनत और सच्ची लगन की बदौलत सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है. इसी कड़ी में सोनीपत के एक युवा मीत सिंघल ने कड़ी मेहनत करते हुए भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का गौरव हासिल किया है.

Sonipat Singhal

लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होने के बाद घर पहुंचे मीत सिंघल का परिजनों और स्थानीय लोगों ने फूल- मालाओं और ढोल- नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया. बेटे के लेफ्टिनेंट बनने की खुशी में पिता रिटायर्ड राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.

लक्की नंबर रहा 24

भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट भर्ती हुए मीत सिंघल का पैतृक गांव जींद जिले का हाट हैं, लेकिन उनका परिवार 1990 से सोनीपत में रह रहा है. उन्होंने स्वर्ण प्रस्थ से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण करने के बाद लिटल एंजल स्कूल से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की. दिल्ली स्थित आईपी यूनिवर्सिटी से इंजिनियरिंग की डिग्री और सर छोटूराम विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री हासिल की.

मीत सिंघल ने बताया कि उनके लिए 24 नंबर बेहद लक्की रहा है. अखिल भारतीय स्तर पर उन्हें 24वीं रैंक हासिल हुई. SSB में चेस्ट नंबर भी 24 ही मिला है. ज्वाइनिंग भी 24 मार्च, 2024 को हुई थी. बेटे की उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हुए पिता सुरेश कुमार ने बताया कि मीत बचपन से ही मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित था. हमें गर्व है कि हमारा बेटा सेना में अफसर बनकर देश सेवा करते हुए प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन करेगा.

टीवी से मिली सेना में भर्ती होने की प्रेरणा

इंजिनियरिंग की शिक्षा ग्रहण करने वाले मीत सिंघल ने बताया कि एक टीवी कार्यक्रम देखने के दौरान उन्हें सेना में भर्ती होने की प्रेरणा मिली. टीवी पर सेना का सर्चिंग आपरेशन देखते हुए उन्होंने सेना में भर्ती होने का इरादा बना लिया था और इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत से पढ़ाई की. उन्होंने अन्य किसी सरकारी नौकरी के लिए आवेदन नहीं किया और चौथे प्रयास में सफलता हासिल करते हुए सेना में लेफ्टिनेंट की नौकरी हासिल की.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.