सोनीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत (Sonipat) जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां जिला सिविल अस्पताल में मरीजों को बहुत जल्द MRI की सुविधा का लाभ मिलने जा रहा है. सीएमओ डॉ. ज्योत्सना ने बताया कि पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) माडल के तहत सिविल अस्पताल में MRI सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है.
मरीजों को मिलेगी राहत
सिविल अस्पताल, सोनीपत की ओपीडी में रोजाना 2 हजार के आसपास मरीज पहुंचते हैं. जांच के लिए डाक्टर कई बार मरीजों को MRI कराने की सलाह देते हैं, लेकिन अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होने के चलते मरीजों को या तो खानपुर मेडिकल कॉलेज का रूख करना पड़ता है या फिर प्राइवेट लैब में महंगी कीमत पर MRI करानी पड़ती है. अब सिविल अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने पर मरीजों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी.
सोनीपत सिविल अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध है. BPL और आरक्षित वर्ग के लोगों को इस सुविधा का निःशुल्क लाभ मिलता है. ऐसे में यदि MRI की सुविधा भी शुरू होती है, तो बीपीएल और आरक्षित वर्ग के लोगों को यह सेवा फ्री और अन्य वर्गों के लोगों को नाममात्र दर पर उपलब्ध हो सकेगी.
क्या है MRI?
- MRI एक आधुनिक चिकित्सा तकनीक हैं, जो शरीर के विभिन्न अंगों और ऊतकों की गहन जांच के लिए उपयोग की जाती है. इसके माध्यम से मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, जोड़, पेट, पेल्विक क्षेत्र, स्तन, रक्त वाहिकाएं और हृदय की विस्तृत छवियां प्राप्त की जाती हैं.
- यह तकनीक मजबूत चुंबकीय क्षेत्र और रेडियो तरंगों का उपयोग करके शरीर की अत्यधिक स्पष्ट तस्वीरें तैयार करती है. इससे डाक्टरों को बीमारी की सटीक जानकारी मिलती है, जिससे समय रहते मरीज का इलाज प्रभावी ढंग से शुरू किया जा सकता है.
