सोनीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे सोनीपत को मेट्रो से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HUDA) के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने कहा कि रिठाला- नरेला से सोनीपत में मेट्रो का 2.72 किलोमीटर का विस्तार किया जाएगा. सोनीपत क्षेत्र में कुंडली तथा नाथूपुर में मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे.
2028 तक मेट्रो चलाने के प्रयास
प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने कहा कि सोनीपत तक मेट्रो विस्तार से हजारों लोगों के लिए दिल्ली की आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी. इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर जमीन अधिग्रहण के बारे में रिपोर्ट मांगी. सोनीपत के मिनी सचिवालय में हुई इस बैठक में हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC), दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने हिस्सा लिया. डीएस ढेसी ने कहा कि 2028 तक सोनीपत में मेट्रो लाने के यथासंभव प्रयास किए जाएंगे.
बैठक के दौरान प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने रिठाला- नाथूपुर मेट्रो के लिए बाधाएं दूर करने के लिए DMRC के अधिकारियों को निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए जो डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) बनाई है. अगर उसमें कोई प्राइवेट या सरकारी जमीन अधिग्रहण करवानी है, तो इसकी रिपोर्ट HMRTC को सौंपी जाए. अगर कहीं पर सड़क, बिजली के खंभों या पेड़ों को हटाना है, तो इसकी भी रिपोर्ट HMRTC को सौंपें, ताकि इन बाधाओं को समय से दूर किया जा सके और मेट्रो का कार्य समय पर पूरा हो सके.
23 फरवरी तक सौंपे रिपोर्ट
उन्होंने नाथूपुर में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन से कनेक्टिविटी को लेकर HMRTC के अधिकारियों, नगर निगम आयुक्त, एसडीएम की सदस्यता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यह कमेटी जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारियों के साथ 23 फरवरी से पहले साइट विजिट कर रिपोर्ट सौंपे. उन्होंने कहा कि सोनीपत शहर से नाथूपुर में बनने वाले मेट्रो स्टेशन की कनेक्टिविटी अच्छी हो और लोगों को आवाजाही के दौरान किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े.
इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
26.5 किलोमीटर लंबे रिठाला- नाथूपुर मेट्रो स्टेशन कॉरिडोर के बीच करीबन 21 मेट्रो स्टेशन होंगे. इसमें रिठाला, रोहिणी सेक्टर- 25, रोहिणी सेक्टर- 26, रोहिणी सेक्टर- 31, रोहिणी सेक्टर- 32, रोहिणी सेक्टर- 36, बरवाला, रोहिणी सेक्टर- 35, रोहिणी सेक्टर- 34, बवाना औद्योगिक क्षेत्र 1 सेक्टर 3, 4, बवाना औद्योगिक क्षेत्र 1 सेक्टर 1, 2, बवाना जेजे कॉलोनी, सनोथ, न्यू सनोथ, डिपो स्टेशन, भोरगढ़ गांव, अनाज मंडी नरेला, नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नरेला, नरेला सेक्टर- 5, कुंडली और नाथूपुर शामिल हैं.
