सोनीपत | सोमवार को चंडीगढ़ में सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में सोनीपत मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (SMDA) की बैठक हुई, जिसमें शहर में विकास कार्यों के लिए लगभग 350 करोड़ रुपए की बजट राशि को मंजूरी प्रदान की गई. बैठक में मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी.
गन्नौर में बेहतर होगी पेयजलापूर्ति
SMDA की बैठक में डीसीआरयूएसटी, मुरथल में मौजूदा 3 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता को बढ़ाकर 7.5 एमएलडी करने की योजना को मंजूरी दी गई है. इसके अलावा गन्नौर क्षेत्र में पेयजलापूर्ति को बेहतर बनाने के लिए 10 एमएलडी रैनीवेल की स्थापना की जाएगी. इस प्रोजेक्ट पर साढ़े 35 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
शहर में होंगे यह काम
सोनीपत शहर में जलापूर्ति को बेहतर बनाने के लिए 47.57 करोड़ रुपए की लागत से दो नए रैनीवेल स्थापित किए जाएंगे. शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने के लिए सेक्टर 29/ 7, 28/ 6 और 4/ 5 को जोड़ने वाली सड़क की चौड़ाई 7 मीटर से बढ़ाकर 14 मीटर की जाएगी. इस प्रोजेक्ट पर 26.86 करोड़ रुपए खर्च होंगे. इसके साथ ही, साईकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा. वहीं, जल निकासी की समस्या के स्थाई समाधान के लिए कुंडली में 28.15 करोड़ और खरखौदा में 42.37 करोड़ रुपए की वर्षा जल निकासी प्रोजेक्ट्स को मंजूरी प्रदान की गई है.
कचरे से दिखेगा कला का अनूठा नमूना
लोगों के मनोरंजन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेक्टर- 4 में एक अनूठा ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ बनाया जाएगा. यह पार्क न केवल मनोरंजन का केंद्र होगा, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रतीक भी बनेगा, जहां कचरे से कला के अनूठे नमूने प्रदर्शित किए जाएंगे.
नगर निगम की नई बिल्डिंग की सौगात
बैठक के दौरान सीएम नायब सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम की नई बिल्डिंग को जल्द- से- जल्द तैयार किया जाएं. यहीं पर SMDA का कार्यालय भी स्थापित किया जाएगा, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके. उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए.
