गुरुग्राम | दिल्ली- NCR नए साल का जश्न मनाने वालों के लिए गुरुग्राम के सोहना में स्थित दमदमा झील (Damdama Lake) पहली पसंद बनी हुई है. यहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं जिससे झील पर रौनक बनी हुई है. पर्यटक यहां जमकर बोटिंग का मजा ले रहे हैं. वहीं, पर्यटन विभाग भी नए साल पर पर्यटकों को बोटिंग पर जबरदस्त डिस्काउंट ऑफर का लाभ दे रहा है.
अरावली की गोद में बसी दमदमा झील
दमदमा झील अरावली पहाड़ियों की गोद में बसी हुई है. यह तीन ओर से पहाड़ियों से घिरी हुई है जिससे इसकी खूबसूरती में चार-चांद लग रहे हैं और इसी वजह से यह झील पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. नए साल की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ यहां झील की खूबसूरती और बोटिंग का लुत्फ उठाने पहुंच रहे हैं.
बता दें कि गुरुग्राम से मात्र 17 किलोमीटर की दूरी पर सोहना के दमदमा गांव में सारस टूरिस्ट स्पॉट पड़ता है और यही पर एक प्राकृतिक झील है जहां पर्यटक बोटिंग का लुत्फ उठाने पहुंचते हैं. इस झील में अरावली पहाड़ियों का बारिश का पानी जमा होता है. यहां बोटिंग के लिए 5 नावों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यहां घूमने आए पर्यटकों ने कहा कि दिल्ली- एनसीआर में दमदमा झील से बेहतर कोई पिकनिक स्पॉट नहीं है. यहां का शांत वातावरण और खूबसूरती मन को शांति प्रदान करती है.
सारस टूरिस्ट स्पॉट के मैनेजर ने बताया कि सर्दियों के मौसम में पर्यटकों के लिए स्पेशल इंतजाम किए गए हैं. पर्यटकों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर खास डिस्काउंट ऑफर दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पैडल बोटिंग का किराया 150 रुपए और रोइंग बोट राइड का 200 रुपए किराया लिया जा रहा है.
दमदमा झील का रूट
गुरुग्राम बस स्टैंड से गुरुग्राम- सोहना मुख्य सड़क मार्ग और रिठोज- सोहना रूट से दमदमा गांव के लिए निरंतर बसें चलती रहती है. वहीं, फरीदाबाद से भी सोहना के लिए बसों का संचालन होता है. सोहना से दमदमा झील की दूरी मात्र 7 किलोमीटर है. इसके अलावा, आप अपने निजी वाहनों से भी दमदमा झील तक आवागमन कर सकते हैं.
