हिसार | हरियाणा में बीते कुछ समय से रुक- रुक कर बरसात हो रही है, लेकिन इसके बावजूद उमस से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार को भी मौसम विभाग द्वारा तेज हवा, गरज और बरसात का अलर्ट जारी किया गया है. विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज 13 जिलों में बरसात के आसार बने हुए हैं. इनमें पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं. यहां तेज गरज-चमक के साथ बरसात के आसार बने हुए हैं.
हल्की बूंदाबांदी की संभावना
इसके अलावा 6 जिलों जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में मध्यम बरसात की संभावना जताई गई है. इस दौरान सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में भी बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि पानीपत, करनाल, यमुनानगर, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में दोपहर 12:00 बजे तक बारिश हो जाएगी. पानीपत और कुरुक्षेत्र में बरसात हो चुकी है. बाकी जगहों पर आसमान में बादल छाए हुए हैं और उमस बनी हुई है. चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, पानीपत और फतेहाबाद में भी आज बूंदाबांदी के आसार हैं.
28 जून तक पहुंचेगा मानसून
आने वाले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अलग- अलग हिस्सों में हल्की से तेज बरसात की संभावना बनी हुई है. आईएमडी का कहना है कि अबकी बार हरियाणा में 28 जून तक मानसून की एंट्री हो जाएगी, जो सामान्य तारीख से करीब एक सप्ताह पहले होगा. कल 24 जून को पंचकुला, अंबाला और यमुनानगर में 50 से 75% और अन्य जिलों में 25 से 50% तक बारिश की संभावना बनी हुई है.
रविवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में मामूली 0.1 डिग्री की गिरावट देखने को मिली. प्रदेश का औसतन तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया. 42 डिग्री सेल्सियस के साथ सिरसा जिला प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा.
