हिसार, Haryana Weather Update | हरियाणा में एक तरफ जहां मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर यह बारिश कई जगहों पर मुसीबत बन चुकी है. प्रदेश के कई शहरों में बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव देखा गया है. अब तक हरियाणा में औसतन 148.9 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि सामान्यतः इस अवधि में 99.5 मिमी बारिश होती है. यानी यानी अबकी बार सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है. मौसम विभाग का कहना है कि 15 जुलाई तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा.
11 जिलों में बारिश की संभावना
शुक्रवार को फरीदाबाद, नारनौल, सोनीपत और झज्जर में भी बूंदाबांदी दर्ज की गई. मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज 12 जुलाई को प्रदेश के 11 जिलों पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, चरखी दादरी, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश की संभावना जताई है. एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ के उत्तर की ओर बने रहने के कारण दक्षिण पश्चिमी मानसून हरियाणा में सक्रिय बना हुआ है, जिससे बारिश की गतिविधियों में इजाफा हुआ है.
13 से 15 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, 13 जुलाई को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, करनाल, यमुनानगर, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, सिरसा और फतेहाबाद में बारिश के आसार हैं. इसके बाद 14 और 15 जुलाई को भी प्रदेश के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी.
