हिसार, Haryana Weather Update | हरियाणा में मई के महीने की शुरुआत से ही मौसम परिवर्तनशील नजर आ रहा है. रुक- रुक कर हो रही बरसात से मौसम खुशनुमा बना हुआ है. एक ओर जहां पिछला अप्रैल का महीना काफी गर्म बीता और लोग गर्मी से परेशान नजर आए, लेकिन अब अगले महीने की शुरुआत से ही तापमान में कमी का दौर जारी है. कई जिलों में बरसात हो रही है तो कइयों में आसमान बादलों से ढका रहता है, जिस कारण लोगों को बदन झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिल रही है.
इन जिलों में आज बारिश की संभावना
मौसम विभाग द्वारा आज 11 मई को पूरे प्रदेश में बरसात का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें से 7 जिले ऐसे हैं, जहां 25 से 50 फ़ीसदी बरसात होने की संभावना है. इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, पंचकुला, अंबाला और यमुनानगर शामिल हैं. 15 जिलों पलवल, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, जींद, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र में 25% तक बरसात होने की संभावना बनी हुई है.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
विभाग द्वारा जारी ताजा अलर्ट की मानें तो 12 मई से 14 मई के दौरान पूरे प्रदेश का मौसम सामान्य बना रहेगा. 11 मई को पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और भिवानी में दिनभर बादल छाए रहने, गरज- चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं. प्रदेश के बाकी 15 जिलों का मौसम सामान्य रहेगा.
कल ऐसा रहा मौसम
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के लगभग सभी जिलों के अधिकतम तापमान में उतार- चढ़ाव देखने को मिला है. जींद के तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के बाद अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, सबसे ज्यादा गिरावट पंचकुला के अधिकतम तापमान में दर्ज की गई. यहां का तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
