चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में ठंडी हवाओं के कारण एक बार फिर से ठंड का एहसास हो रहा है. इससे पहले तेज गर्मी से लोगों के पसीने छूट रहे थे. कल 28 मार्च को ठंडी हवाएं चलने से लोगों को ठंड का अनुभव हुआ. आज भी सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण हुआ है. बीते काफी दिनों से महसूस हो रही गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलती नजर आई.
यमुनानगर रहा सबसे ठंडा जिला
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कल प्रदेश का सबसे ठंडा जिला यमुनानगर रहा. यहां का न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट फतेहाबाद में दर्ज हुई. यहां का तापमान 3.6 डिग्री लुढ़ककर 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पानीपत के तापमान में 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई. यहां का न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
2 अप्रैल तक मौसम रहेगा खुश्क
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल मौसम खुश्क बना हुआ है. यदि सब्जी और फलों में पानी की आवश्यकता है तो सिंचाई की जा सकती है. यदि किसी ने पानी नहीं दिया है, तो सिंचाई करते समय सावधानी बरतें. अब हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने के आसार हैं.
उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर खुश्क बना रहेगा. बीच- बीच में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी. इससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है. आज 29 और कल 30 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ेगी और आंशिक बदलवाही छाई रहेगी.
