हिसार, Haryana Mausam Update | हरियाणा में मानसून सक्रिय नजर आ रहा है. आज 26 जून को पानीपत में सुबह हल्की बरसात शुरू हो गई. उसके बाद, आसमान बादलों से ढका हुआ नजर आया. फिलहाल, यहां मौसम ठंडा बना हुआ है. ऐसा ही कुछ बाकी जिलों का भी हाल है, जहां मौसम में काफी परिवर्तन नजर आ रहा है.
मौसम विभाग द्वारा आज भी प्रदेश के चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है.
पंचकूला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर में तेज बरसात, और सोनीपत, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर, आगरा, रामपुर, बिजनौर, करनाल से होती हुई बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इस कारण बंगाल की खाड़ी से मानसूनी हवाएं हरियाणा में प्रवेश कर रही हैं तथा उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से अरब सागर की तरफ से नमी वाली हवाएं आने के आसार बने हुए हैं.
कई जिलों में तेज बारिश की आशंका
इसके कारण राज्य में 1 जुलाई तक मौसम आम तौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा. इस दौरान 26 और 27 जून को हवाओं और गरज-चमक के साथ राज्य के उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बरसात के आसार बने हुए हैं. साथ ही, पश्चिमी व दक्षिणी जिलों में कहीं- कहीं बूंदाबांदी और हल्की बरसात की भी संभावना बनी हुई है. मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना से प्रदेश में 28 जून से 1 जुलाई के दौरान ज्यादातर इलाकों में हवाओं और गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. कुछ स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है. इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
