हरियाणा में गर्मी ने दिखाया तेवर, इन जिलों में तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड

चंडीगढ़ | हरियाणा में फरवरी में ही गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश में दिन के साथ रात के तापमान में भी इजाफा हुआ है. हरियाणा के नारनौल में सबसे ज्यादा तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि हरियाणा में न्यूनतम तापमान करनाल में रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. यह बढ़ोतरी 2 डिग्री सेल्सियस तक हो सकती है.

Garmi 2

गुरूवार को खिलेगी धूप

हरियाणा में बुधवार को आंशिक बादल छाए रहे. जिससे लोगों को बढ़ते तापमान से कुछ राहत जरूर मिली है. मौसम विभाग ने इस दौरान 3 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया है. विभाग ने हरियाणा में मौसम की भविष्यवाणी व्यक्त करते हुए उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट की संभावना जताई है हालांकि गुरुवार को दिनभर धूप खिली रहेगी.

तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान

इसके बाद 24 फरवरी से 27 फरवरी तक हरियाणा में धूप खिली रहेगी. हरियाणा में सात मार्च तक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार फरवरी में चंडीगढ़ का मौसम सुहावना रहेगा. चंडीगढ़ में 27 फरवरी को तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी. इसके 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. वहीं चंडीगढ़ में गुरुवार 2 मार्च को हल्की बारिश की संभावना है लेकिन लोगों को बढ़ते तापमान से राहत नहीं मिल पाएगी. चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

हरियाणा का मौजूदा तापमान

हरियाणा में न्यूनतम तापमान करनाल में 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं अन्य जिलों की बात करें तो अंबाला में 13.9 डिग्री, भिवानी में 14.1 डिग्री, गुरुग्राम में 15.1 डिग्री और हिसार में 14.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. सिरसा में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और नारनौल में 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा के जहां नारनौल में अधिकतम तापमान 35 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. अंबाला में 29, पंचकूला में 29.2 डिग्री और भिवानी में 29.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. गुरुग्राम में 29.9 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 28.4 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 29.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे! हरियाणा की ताज़ा खबरों के लिए अभी हमारे हरियाणा ताज़ा खबर व्हात्सप्प ग्रुप में जुड़े!