चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मार्च की शुरुआत से ही दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और अब यह 34 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है. दिन के समय घर से बाहर निकलने पर लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
फरीदाबाद रहा सबसे गर्म जिला
20 मार्च को हरियाणा का सबसे गर्म जिला फरीदाबाद रहा, जहां का तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी होगी. मार्च के अंत तक गर्मियों का मौसम पूरी तरह से शुरू हो सकता है. आने वाले सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभव है.
कल अंबाला में 31.2 डिग्री, हिसार में 32.8 डिग्री, करनाल में 30.2 डिग्री, नारनौल में 32.2 डिग्री और रोहतक में 30.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं, फतेहाबाद में 30 डिग्री, गुरुग्राम में 31.9 डिग्री, कुरुक्षेत्र में 30.7 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 33 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
21 मार्च तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि 21 मार्च तक प्रदेश का मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. इस दौरान हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा और हल्की हवाएं चलने की संभावना है. 21 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जिससे रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है.
