चंडीगढ़ | मानसून की फुहारों के बीच आज भले ही हरियाणा के किसी जिले में बरसात का अलर्ट नहीं है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 3 दिन बरसात के अच्छे खासे आसार बने हुए हैं. अबकी बार पूरा ही सीजन मानसून के लिहाज से बेहतर गुजरा है. 20 अगस्त तक प्रदेश में 340.2 एमएम बरसात दर्ज की जा चुकी है जो औसतन होने वाली 304.3 एमएम बरसात से 12% ज्यादा है.
सबसे ज्यादा 805.5 एमएम बरसात यमुनानगर और 566.6 एमएम महेंद्रगढ़ में दर्ज की गई. सबसे कम बारिश 161.8 एमएम सिरसा और 173.1 एमएम बरसात कैथल में रिकॉर्ड हुई.
3 दिन तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कल से बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी और आने वाले तीन दिनों तक झमाझम बरसात देखने को मिलेगी. आज किसी जिले में बरसात का अलर्ट तो नहीं है, लेकिन पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, भिवानी, चरखी ददरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 25 से 50% बरसात और सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक में जीरो से 25% एरिया में बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रहने के भी आसार जताए गए हैं.
22 से 24 अगस्त तक अलर्ट जारी
कल 22 अगस्त को 9 जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल में हल्की से मध्यम बरसात होने के आसार बने हुए हैं.
23 अगस्त को अंबाला, पंचकुला, यमुनानगर में बरसात को लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है. यहां भारी बरसात की संभावना जताई गई है. 10 जिलों में हल्की से मध्यम बरसात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
24 अगस्त को प्रदेश के 16 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल में बरसात को लेकर अलर्ट जारी हुआ है.
