हिसार | हरियाणा में फिर से पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते प्रदेश के कई इलाकों में बरसात (Haryana Weather) शुरू हो चुकी है. कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं. बात करें अगर फरवरी के महीने की, तो इस पूरे ही महीने में मौसम परिवर्तनशील रहा है. कुछ दिन मौसम साफ रहने के बाद बरसात का दौर शुरू हो जाता है और दोबारा से तापमान में इज़ाफ़ा हो रहा है. इसी बीच आज फिर से प्रदेश के कई जिलों में बरसात की संभावना जताई गई है.
आज यहाँ होगी बरसात
आज 27 फरवरी को मौसम विभाग द्वारा दी गई ताजा जानकारी के अनुसार, प्रदेश के 17 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं. आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, झज्जर, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी में बरसात को लेकर अलर्ट जारी किया है. पानीपत में आज सुबह से ही तेज हवाएं चल रही हैं और बूंदाबांदी का दौर जारी है. सुबह 5:00 से जींद और झज्जर में भी हल्की बरसात हो रही है. ऐसा ही हाल सोनीपत, कैथल, भिवानी और महेंद्रगढ़ का है. यहाँ भी सुबह से बरसात शुरू हो चुकी है.
ओलावृष्टि के भी आसार
मौसम विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि आज प्रदेश के अन्य जिलों में भी बरसात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. साथ ही ओलावृष्टि के भी आसार बने हुए हैं. हालांकि, तेज हवाओं और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है. विभाग द्वारा प्रदेश में 1 मार्च तक बरसात के आसार बताए गए हैं. बता दें कि राज्य में नया पक्षिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते बरसात की संभावना बनी हुई है.
आगे ऐसा रहेगा मौसम
इस बारे में जानकारी देते हुए राजकीय महाविद्यालय नारनौल में पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी पर्यावरण विशेषज्ञ डॉक्टर चंद्र मोहन ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्जी की जा रही है. एनसीआर और हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में दिन का तापमान 25 से 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 12 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है. 2 मार्च तक तापमान में फिर से गिरावट देखने को मिल सकती है.
