हिसार | हरियाणा के लगभग सभी जिलों में मानसून की रिमझिम बरसात से मौसम खुशनुमा बना हुआ है. लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है. IMD के आंकड़ों के अनुसार, इस बार मानसून सीजन में प्रदेश में सामान्य से 24% ज्यादा बरसात दर्ज की गई है. 3 अगस्त तक जहां औसतन 221 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अबकी बार 274 एमएम बारिश हो चुकी है. सबसे ज्यादा 543.9 एमएम बरसात महेंद्रगढ़ में और 525 एमएम यमुनानगर में दर्ज की गई है.
आज इन जिलों में फिर बरसात का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में बरसात को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, आज यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इनमें से अंबाला और यमुनानगर में खबर लिखे जाने तक बरसात शुरू हो चुकी थी.
आज सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में 0 से 25%, जींद और भिवानी में 25 से 50%, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात में 50 से 75% और यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल में 75 से 100% बरसात का अनुमान है.
कल लगभग पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना
कल 5 अगस्त को हरियाणा के लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पंचकूला, अंबाला, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और मेवात में येलो अलर्ट जारी हुआ है. सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में 0 से 25%, जींद और भिवानी में 25 से 50%, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात में 50 से 75% और यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल में 75 से 100% बरसात का अनुमान है.
6 अगस्त से बरसात की गतिविधियों में थोड़ी कमी देखने को मिलेगी. इस दिन प्रदेश के किसी भी जिले में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. 7 अगस्त को भी मौसम विभाग ने इसी तरह की स्थिति की संभावना जताई है.
