हिसार, Haryana Weather Update | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में सामान्य तौर पर 4 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. इस दौरान 31 मई से 2 जून तक हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा. साथ ही, उत्तर- पूर्वी से पश्चिमी हवाएं चलने की भी संभावना बनी हुई है. इससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
2 जून से दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
बीच- बीच में हल्के बादल और हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं. 2 जून से पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा, जिस कारण मौसम में बदलाव संभव है. 2 जून की रात से 4 जून के दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तेज धूल भरी हवाएं चलेंगी और कहीं- कहीं गरज- चमक के साथ हल्की बरसात की संभावना बनी हुई है. इससे दिन के तापमान में फिर से गिरावट का दौर शुरू होगा, लेकिन रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
17 जिलों में आज बरसात की संभावना
मौसम विभाग द्वारा दी गई ताजा जानकारी के अनुसार, आज शनिवार को प्रदेश के 17 जिलों पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर में बरसात की संभावना बनी हुई है. यहां बादल छाने, गरज- चमक के साथ छींटे पड़ने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने के आसार जताए गए हैं. इससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. इस दौरान प्रदेश के पांच जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा.
