चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनी के बाद आज महेंद्रगढ़ के नारनौल और नूंह में मौसम बिगड़ गया. यहां आसमान बादलों से ढका हुआ नज़र आ रहा है. यहां तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी शुरू हो चुकी है. बता दें कि मौसम विभाग द्वारा यहां शनिवार को बरसात होने के आसार जताए गए थे. इसके अलावा, विभाग द्वारा आज रेवाड़ी और पलवल में भी बरसात की चेतावनी दी गई है.
19 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
विभाग द्वारा इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और हल्की बरसात के आसार बताए गए हैं. इसके अलावा, बाकी 19 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है. इनमें पानीपत, फतेहाबाद, गुरुग्राम, भिवानी, सिरसा सहित कुछ जिलों में आज बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग द्वारा आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है.
ग्रीन जोन में 7 जिले
विभाग द्वारा जारी ताजा अलर्ट के अनुसार, प्रदेश 22 जिलों को हीट वेव के यलो जोन में रखा गया है. यहाँ 28 अप्रैल तक हीट वेव जारी रहेगी. वहीं, 29 अप्रैल को 15 जिलों में हीट वेव के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा, 7 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है. इन 7 जिलों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी.
