चंडीगढ़ | हरियाणा में पिछले कई दिनों से तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास होने लगा था. लेकिन अब एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार 14 से 16 फरवरी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी होने की संभावना है. हालांकि, यह बारिश मुख्य रूप से दक्षिण-पश्चिमी जिलों में होगी, जिससे लगातार बढ़ रही गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
हरियाणा के कई जिलों में 28 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
प्रदेश में बढ़ती गर्मी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यमुनानगर, रोहतक, फरीदाबाद, पलवल, महेंद्रगढ़, नारनौल और गुरुग्राम जैसे सात जिलों में तापमान 28 डिग्री को पार कर चुका है. ये जिले मुख्य रूप से दक्षिणी हरियाणा में स्थित हैं. हालांकि, हिसार में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है. सोमवार को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री था, जबकि बुधवार को यह गिरकर 26.9 डिग्री हो गया. इसके बावजूद हिसार में बीते 14 सालों का गर्मी का रिकॉर्ड टूट गया है. 10 फरवरी 2011 के बाद पहली बार यहाँ तापमान 28 डिग्री के पार पहुंचा.
पश्चिमी विक्षोभ से मिलेगी राहत
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार, 15 फरवरी तक प्रदेश में मौसम सामान्य बना रहेगा. इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिलेगा, जिससे 14 से 16 फरवरी के बीच हवाओं की दिशा में बदलाव होगा और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.
