चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा का मौसम निरंतर परिवर्तनशील बना हुआ है. आज गुरुवार से फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. यह बदलाव लोगों को राहत देता नजर आएगा. मौसम विभाग का कहना है कि 1 मई से 3 मई के दौरान पूरे प्रदेश भर में बरसात होने की संभावना बनी हुई है. साथ ही, तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है.
बुधवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. वहीं 40.4 डिग्री तापमान के साथ सिरसा जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा. बाकी जिलों के अधिकतम तापमान भी 35 डिग्री से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किए गए.
गर्मी से मिलेगी राहत
विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार, आज 1 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों में तूफान के आसार बताए गए हैं. बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. बीते काफी समय से प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ था, लेकिन तापमान में इजाफा हो रहा था. अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा पहुंच गया था. आज मौसम में बदलाव होने से तापमान में गिरावट होनी संभव है. इसके बाद, लोगों को भी गर्मी से राहत जरूर मिलेगी.
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अलर्ट के अनुसार, आज 1 मई को प्रदेश के 16 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में बरसात की संभावना बनी हुई है. वहीं, 6 जिलों जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और मेवात में मौसम शुष्क बना रहेगा.
कल प्रदेश के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात जिलों में बरसात के आसार बने हुए हैं. सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार में मौसम शुष्क बना रहेगा. इसके बाद, 3 मई को पूरे ही राज्य में बरसात के आसार बने हुए हैं.
