चंडीगढ़, Haryana Mausam News | हरियाणा में इस समय कड़ाके की ठंड का पड़ रही है, लेकिन लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के कारण तापमान जमाव बिंदु तक नहीं पहुंचा. इससे किसानों को जनवरी माह में पाले की समस्या से राहत मिली है. इस महीने अब तक तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुके हैं, जिस कारण प्रदेश में 5 जनवरी, 11 जनवरी और 15 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.
तापमान रहा 5 से 10 डिग्री के बीच
इनमें से दो विक्षोभ कमजोर रहे, जबकि एक से भारी बारिश हुई. इससे पहले दिसंबर में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली थी. आमतौर पर प्रदेश में दिसंबर और जनवरी में न्यूनतम तापमान शून्य या इससे नीचे चला जाता था, लेकिन इस बार लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच ही दर्ज किया गया.
21 जनवरी के बाद फिर बदलेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य में दस्तक देगा, जिससे हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिलेगा. 22 से 24 जनवरी के बीच हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है. इस महीने के अंत तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने की संभावना बनी हुई है.
